राजस्थान में बारिश का बदला मिजाज, कई जिलों में सुबह से बरसे बादल
राजस्थान में मानसून का असर एक बार फिर देखने को मिला है। आज सोमवार सुबह जयपुर, दौसा, करौली, अजमेर समेत कई जिलों में बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी। वहीं बाड़मेर में तेज बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। कई ग्रामीण मार्ग जलमग्न हो गए और एक सड़क पर 4 से 5 फीट तक पानी भर जाने से ट्रक और बाइक सवार बीच रास्ते में फंस गए।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राजस्थान में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है। हालांकि 3 से 5 अगस्त के बीच बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है।

No comments