अब मंत्री किरोड़ी के साथ छापे में नहीं जाएगा कोई अधिकारी : डोटासरा
राजस्थान की राजनीति में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के बीच बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। डोटासरा ने श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की ओर से की जा रही औचक जांच और छापेमार कार्रवाइयों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।
डोटासरा ने दावा किया कि अब किसी भी सरकारी अधिकारी को मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के साथ ऐसी छापेमार कार्रवाई में जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक हलकों में इस संबंध में संदेश पहुंच चुका है।
श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में मंत्री की ओर से किए गए औचक निरीक्षण और छापों को लेकर पूछे गए सवाल पर डोटासरा ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई अब बंद होने वाली है।
उन्होंने मुख्यमंत्री और दिल्ली के शीर्ष नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा, वो तो सीएम साहब से पूछिए कि उन्होंने काम करने के लिए क्या गुरु मंत्र दिया है? दिल्ली का समाचार तो यही है कि अब अधिकारियों को साथ लेकर ऐसे छापे मारना संभव नहीं होगा।

No comments