आज लौटेंगे भगवान जगन्नाथ, शाम सात बजे निकलेगी भव्य रथयात्रा
अलवर में प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ मेले की रौनक चरम पर है। भगवान जगन्नाथ एवं जानकी मैया की भव्य रथयात्रा आज सोमवार शाम 7 बजे रूपहरि मंदिर से पुराना कटला होते हुए सुभाष चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर के लिए रवाना होगी। रथयात्रा के स्वागत के लिए शहरभर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा मार्ग में विभिन्न मंदिरों पर भगवान की आरती की जाएगी। रथयात्रा में बैंड-बाजे, आकर्षक झांकियां, अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब, मार्शल आर्ट और लोक कलाओं की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इससे पहले मेले में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा और प्रसाद चढ़ाने के लिए लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा।

No comments