Breaking News

जिला अस्पताल में पानी संकट से हाहाकार


श्रीगंगानगर जिला अस्पताल में सोमवार को पेयजल संकट के कारण मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल प्रशासन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल की मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पूरे परिसर में जलापूर्ति ठप हो गई। वार्डों, ओपीडी और शौचालयों में पानी नहीं पहुंचने से हालात बिगड़ गए। टॉयलेट में पानी नहीं होने से गंदगी और बदबू फैल गई, जबकि मरीज पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहे।
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को अस्पताल में मरीजों की संख्या सामान्य से कहीं अधिक थी। ऐसे में अचानक जल संकट ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ा दिया। भर्ती मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक समाजसेवी ने मानवीय पहल करते हुए अस्पताल के विभिन्न वार्डों और प्रमुख स्थानों पर करीब 100 वाटर कैम्पर भिजवाए, जिससे मरीजों को अस्थायी राहत मिली।

No comments