बाड़मेर से अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की मेटाडोर खड़े ट्रक से टकराई, 3 की मौत
पंजाब के बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में अमरनाथ यात्रा पर जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा गांव जोधपुर रोमाणा के निकट उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी एक मेटाडोर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मेटाडोर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई यात्री वाहन में ही फंस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेटाडोर में करीब 12 श्रद्धालु सवार थे, जो राजस्थान के बाड़मेर से पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच हुए इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

No comments