जगह-जगह बने कचरा प्वाइंट, लोग परेशान
श्रीगंगानगर नगर परिषद के संविदा सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते शहर से कचरा उठाव नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद के ट्रैक्टर-ट्राली एवं ऑटो टिपर ड्राइवरों और सहायकों के हड़ताल में शामिल होने से पिछले कई दिनों से नगर परिषद क्षेत्र के वार्डों से कचरे का उठाव नहीं हो पा रहा है। शहर में जगह-जगह कचरा प्वाइंट बन गए हैं। लोगों के घरों के डस्टबीन भर गए हैं। ऐसे में लोग अब घरों का कचरा पॉलिथीन थैलियों में भरकर अस्थायी कचरा प्वाइंट पर डाल रहे हैं। इससे कचरा प्वाइंट अब सड़ांध करने लगे हैं तथा आवारा पशुओं का जमावड़ा लगने लगा है। वहीं नगर परिषद के मुख्य गेट के पास अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस यूनियन के बैनर तले नगर परिषद के संविदा सफाईकर्मी छह सूत्री मांगों को लेककर मंगलवार को भी धरने पर बैठे हैं।
No comments