कबाड़ में निकले 10 लाख के गहने, घर जाकर लौटाया
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-26 में रहने वाली चांदनी कुमारी ने घर का पुराना सामान बेचते समय एक लोहे की अलमारी भी कबाड़ में दे दी. जल्दबाजी में उन्होंने अलमारी के लॉकर की जांच नहीं की. उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसी लॉकर में करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने सुरक्षित रखे रह गए हैं. अलमारी घर से निकल गई और परिवार को अपनी बड़ी भूल का एहसास भी नहीं हुआ.
अगले दिन जब सेक्टर-16 के कबाड़ी अशरफ ने अलमारी खोलने की कोशिश की, तो उन्हें अंदर एक स्टील का डिब्बा मिला. डिब्बा खोलते ही उनकी आंखें खुली की खुली रह गईं. अंदर सोने के झुमके, अंगूठियां, मंगलसूत्र, नथ और चांदी के कई ज्वेलरी रखे थे. उन्होंने चांदनी कुमारी और उनके पति सुनील से संपर्क किया. जब परिवार को पता चला कि उनके गहने सुरक्षित मिल गए हैं, तो वे हैरान रह गए.

No comments