श्रीगंगानगर में दुकानों के किराये में उछाल, छोटे व्यापारियों पर बढ़ा आर्थिक दबाव
श्रीगंगानगर शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में दुकानों के किराये में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने छोटे और मध्यम व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। गोल बाजार, सुखाडिय़ा सर्किल, रविन्द्र पथ, गोशाला मार्ग, पुरानी आबादी, मीरा चौक और हनुमानगढ़ रोड सहित कई व्यावसायिक इलाकों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान किराये की दरों में काफी बढ़ोतरी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि बढ़ते किराये ने पहले से दबाव झेल रहे छोटे कारोबारियों की स्थिति और कठिन कर दी है। बढ़े किराए से व्यापार के खर्च निकलने मुश्किल हो रहे हैं। कई दुकानें तो 6 माह में ही बंद हो जाती हैं।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार मुख्य बाजार, गोशाला रोड, दुर्गा मंदिर और ब्लॉक एरिया में 15 से 30 प्रतिशत तक किराया बढ़ चुका है। नए किराया एग्रीमेंट समय दुकान मालिक वर्तमान बाजार दर का हवाला देकर अधिक किराये की मांग कर रहे हैं।
No comments