कार सवार दो जनों ने बुजुर्ग महिला को लूटा
हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र के गांव शेरड़ा के पास सड़क पर एक बुजुर्ग महिला से लूट की वारदात सामने आई है। कार सवार दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने वृद्धा को रोककर उसके कानों से सोने के बालियां झपट ली और फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, बलवान सिंह पुत्र मनफूल सिंह निवासी गांव शेरड़ा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनकी माता वेदकोर 27 जनवरी को दोपहर करीब 1.15 से 1.30 बजे खेत देखने के लिए गांव से नलाई की ओर जाने वाली सड़क पर पैदल जा रही थीं। गांव से करीब चार-पांच किलोमीटर दूर नलाई की ओर से आई कार में सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर गोगामेड़ी जाने का रास्ता पूछा। रास्ता समझाते समय दोनों युवक कार से नीचे उतरे और अचानक मेरी मां से छीना-झपटी कर उनके दोनों कानों में पहनी सोने की बालियां छीन ली।

No comments