इस बार तापमान बढऩे से रबी फसलों में पानी की ज्यादा मांग
श्रीगंगानगर क्षेत्र में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री से बढ़कर 26.3 और न्यूनतम 8.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इससे शनिवार को कड़क धूप का अहसास हुआ। यह तापमान फसलों के लिए अनुकूल नहीं है। गुरुवार रात और शुक्रवार को दिन में आसमान साफ रहने से अधिकतम तापमान में जहां बढ़ोतरी हुई है, वहीं न्यूनतम तापमान भी 0.2 डिग्री बढ़कर 8.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इलाके में 21 दिसंबर से लगातार अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी और न्यूनतम में गिरावट हो रही है। 26 दिसंबर को मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जिले में 25.5 और 8.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया था। कृषि विभाग के सेवानिवृत उप निदेशक मिलिंद सिंह ने बताया कि सरसों, चना, जौ और गेहूं के लिए अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री तक उपयुक्त रहता है। मगर इन दिनों अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर चल रहा है, जो फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

No comments