दीपावली की रात दो पक्षों में मारपीट, पीडि़त परिवार ने अब दर्ज करवाया मुकदमा
हनुमानगढ़ के रावतसर पुलिस थाना क्षेत्र के गांव न्यौलखी में दीपावली की रात पटाखे चलाने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तथा घर में घुसकर हमला करने तक पहुंच गया। इस घटना को लेकर पीडि़त परिवार ने अब छह आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार सहीराम मेघवाल निवासी न्यौलखी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 20 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 8 बजे उसका छोटा बेटा चरणसिंह, जो जिला राजसमंद में शिक्षक है, दीपावली की छुट्टियों में घर आया हुआ था। वह गांव के संदीप मेघवाल और विनोद मेघवाल के साथ घर के बाहर गली में बने कमरे में बैठा था।

No comments