समेजा में कब्जे की जगह पर वर्षों से संचालित मेडिकल स्टोर को ध्वस्त किया
श्रीगंगानगर जिले कके समेजा कोठी स्थित राजकीय अस्पताल से सटे राज रकबा की भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध अतिक्रमण को लेकर रायसिंहनगर प्रशासन ने सोमवार सुबह बड़ा एक्शन लिया। करीब 15 से 25 फीट क्षेत्र में हुए कब्जे में संचालित जय भारत मेडिकल स्टोर पर रायसिंहनगर तहसील प्रशासन ने जेसीबी चलवाते हुए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर समेजा, श्रीविजयनगर, मुकलावा और रायसिंहनगर थाने का पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस के पूर्व विधायक दौलत राज नायक मौके पर पहुंच गए और विरोध दर्ज कराया। उन्होंने अपनी गाड़ी सहित जेसीबी के सामने आकर कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस पूर्व विधायक को समझाइश के लिए समेजा पुलिस थाने ले आई। थाने में उन्हें पूर्व कार्यवाही के बारे में अवगत कराया गया।
No comments