वार्षिक परीक्षाएं अब एक माह पहले कई कक्षाओं की तारीखें बदलीं
राजस्थान में आगामी शिक्षा सत्र अप्रेल से शुरू करने के निर्णय का सीधा प्रभाव वार्षिक परीक्षाओं पर पड़ा है। इसके चलते शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने शिविरा पंचांग 2025-26 में व्यापक संशोधन कर नए आदेश जारी किए हैं। अब बड़ी कक्षाओं की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय से लगभग एक माह पहले आयोजित होंगी। संशोधित पंचांग में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं की संभावित तिथियां भी शामिल की गई हैं। कक्षा 10 व 12 की परीक्षाएं 12 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच संपन्न होंगी। विस्तृत टाइम टेबल बोर्ड से अनुमोदित किया जाएगा। गौरतलब है, शिक्षा विभाग अगले शैक्षणिक सत्र 2026-27 को 1 अप्रेल से शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके अनुरूप वर्तमान सत्र की शेष तिथियों में यह बड़ा संशोधन किया गया है।

No comments