बाहरी राज्यों से समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने आए दो ट्रैक्टर डिटेन, जांच जारी
हनुमानगढ़। जिले में सरकारी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद जोरों पर है, जिसकी दर 2575 रुपए प्रति क्विंटल (150 रुपए बोनस सहित) तय की गई है। इस आकर्षक मूल्य के चलते बाहरी राज्यों से गेहूं लाकर बेचने के प्रयास भी सामने आ रहे हैं। हाल ही में हरियाणा के ऐलनाबाद क्षेत्र के रानियां गांव से आए दो ट्रैक्टरों को हनुमानगढ़ टाउन मंडी में सरकारी मूल्य पर गेहूं बेचने के प्रयास में डिटेन किया गया। प्रारंभिक जांच में यह गेहूं हरियाणा निवासी मोनू व्यापारी का पाया गया है। जिला रसद अधिकारी सुनील घोड़ेला ने बताया कि ट्रैक्टर चालकों से पूछताछ जारी है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को रोका जा सके। कार्रवाई के दौरान मंडी सचिव सीएल वर्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

No comments