Breaking News

कफ्र्यूग्रस्त इलाके में प्रशासन ने बंटवाया दूध

- मीडिया कर्मियों पर भी पाबंदी
- जरूरतमंद लोगों को प्रशासन देगा राशन किट
हनुमानगढ़। कोरोना वायरस के दो पॉजीटिव रोगी मिलने के बाद रूपनगर व इसके आसपास इलाके में घोषित कफ्र्यूग्रस्त इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। लोगों को आवश्यक खाद्य वस्तुएं जिला प्रशासन की देखरेख में उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
जिला प्रशासन की टीम ने आज सरस डेयरी दूध की गाडिय़ों को पास जारी करके उपभोक्ताओं के घर दूध पहुंचाया। डेयरी के निर्धारित मूल्य पर दूध उपलब्ध करवाया गया है। इस इलाके में दूध व समाचार पत्र वितरण का समय सुबह 6 से 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। आवश्यक सेवाओं की सप्लाई शाम 4 बजे से 6 बजे तक हो सकेगी।
कफ्र्यूग्रस्त इलाके में पुलिस अधिकारियों के साथ फोर्स लगातार गश्त कर रही है। लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं। प्रभावित इलाके में मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर भी पुलिस ने पाबंदी लगा दी है। मीडिया कर्मी भी आवश्यक सेवाओं के लिए निर्धारित समय में ही उस इलाके में प्रवेश कर सकते हैं।
इधर जिला कलक्टर जाकिर हुसैन ने एडीएम अशोक असीजा व उपखण्ड अधिकारी कपिल यादव से कफ्र्यूग्रस्त इलाके के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि कोरोना को नियंत्रित करने के लिए लगाये गये कफ्र्यूग्रस्त के दौरान लोगों को आवश्यक सेवाओं के लिए परेशानी न हो, इसका समय निर्धारित कर दिया गया है। जरूरतमंद लोगों को जिला प्रशासन की ओर से राशन किट उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
टाउन थाने के 100 पुलिसकर्मी तैनात
रूपनगर व इसके आसपास इलाके में कफ्र्यू लगाने के बाद निगरानी और व्यवस्था बनाए रखने के लिए टाउन थाने के 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्रों पर नजर रखे हुए हैं। सोमवार को कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र में गतिविधियां सामान्य रहीं।

No comments