Breaking News

लॉकडाउन में नहीं मिल रही मैकेनिक की सेवाएं

- गर्मी में पंखे-कूलर खराब होने से बढ़ी मुश्किलें
श्रीगंगानगर। पिछले कुछ दिन से लगातर बढ़ रहे तापमान के कारण गर्मी भी अपना असर दिखाने लगी है। इसी के साथ घरों व दफ्तरों में पंखे कूलर आदि चलाए जाने लगे हैं। कुछ बैंकों व बड़े कार्यालयों में तो दोपहर के समय ऐसी भी चलाए जा रहे हैं।
लेकिन बढ़ती गर्मी में उन लोगों को परेशानी हो रही है, जिनके यहां पंखे व कूलर खराब पड़े हैं। लॉकडाउन के कारण ऐसे लोगों को बिजली मैकेनिक की सेवाएं नहीं मिल पा रहीं। ऐसे में लोग अपने इलेक्ट्रीश्यन को कॉल कर पंखा, कुलर व ऐसी की सर्विस के लिए तो बोल रहे हैं, लेकिन मैकेनिक पुलिस की सख्ती के चलते ग्राहकों के विद्युत उपकरणों की मरम्मत के लिए जा नहीं पा रहे। ऐसे में जो ग्राहक खुद ही पंखा उतार कर मैकेनिक के घर ठीक करवाने पहुंच रहा है, उसे ही थोड़ी राहत मिल रही है। वह भी छोटी मोटी खराबी होने पर। बड़ी खराबी या मोटर वाइंडिग तो दुकानें बंद रहने के कारण नहीं हो पा रही।
इलेक्ट्रीशियन मेनपाल के अनुसार उसके पास पंखे व कूलर ठीक करने के लिए अनेक कॉल रोज आ रही हैं। तीन दिन पहले उसने किसी ग्राहक के घर जाने का प्रयास भी किया, लेकिन जस्सासिंह मार्ग से पुलिस वालों ने उसे वापस लौटा दिया। मेनपाल अब इलेक्ट्रीशियन की सेवाओं को आवश्यक मानते हुए प्रशासन से पास जारी करवाने का प्रयास कर रहा है।

No comments