Breaking News

पॉलीटैक्निक कॉलेज के पास रस्सी बांधकर अवरुद्ध किया गया रास्ता।

मुंबई से महिला आने की सूचना पर रात भर जागे मोहल्लावासी
-गलियों में लगाए नाके, रस्सी बांधकर रास्ते रोके, पुलिस भी मुस्तैद
श्रीगंगानगर। मुंबई से एक महिला के आने की सूचना पर पुरानी आबादी में लगातार दूसरे दिन हलचल रही। क्षेत्र विशेष के मोहल्लावासियों ने तो रातभर जागकर पहरा भी दिया। इन लोगों ने गलियों में रस्सियां बांधकर आंशिक नाकाबंदी की। इस बीच, जिले भर में पुलिस की मुस्तैदी लगातार बनी हुई है।
पुरानी आबादी के कृष्णा मंदिर क्षेत्र में रविवार को किसी महिला के मुंबई से आने की सूचना मिली थी। इस पर लोगों ने जागरुकता दिखाते हुए आंशिक नाकाबंदी का प्रयास किया। गलियों में रस्सी बांध दी और आवागमन करने वालों से पूछताछ की। कुछ युवकों ने रात में जागकर तो पहरा भी दिया। सोमवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर प्रशासन की टीम क्षेत्र में पहुंची। टीम ने संबंधित को पाबंद किया कि अगर उनके घर उक्त महिला मुंबई से आती है तो सबसे पहले प्रशासन को अवगत करवाया जाए। पता चला है कि एक महिला किसी रोगी के साथ मुंबई गई थी। वहां से महिला को बीकानेर होते हुए गंगानगर पहुंचना था। इसी सूचना पर लोगों ने नाकाबंदी कर दी। सोमवार को नाकाबंदी संबंधी कार्रवाई की जानकारी देते हुए उक्त महिला को वहीं रहने की सलाह दी गई है।
इसी तरह की सावचेती भांभू पॉलीटैक्निक कॉलेज के पास देखी गई। क्षेत्रवासी विपिन भठेजा ने बताया कि यहां लोगों ने रस्सियों, बांस-लकडिय़ों के सहारे गली में प्रवेश बंद कर दिया है। अनजान को पूछताछ के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
जिला पुलिस भी है मुस्तैद
सोमवार को लॉक डाउन के बीसवें दिन भी जिला पुलिस की मुस्तैदी बरकरार है। जिला मुख्यालय के विभिन्न स्थानों पर बनाए नाकों पर पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी दे रहे हैं। शहर में प्रवेश के सभी रास्तों पर नाकाबंदी है और आवश्यक सेवाओं को छोड़, बाहर से आने वालों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

No comments