Breaking News

रायसिंहनगर विधायक से मोबाइल छीन भागे बदमाश

- विधानसभा में उठे कानून व्यवस्था पर सवाल, मंत्री ने दिया कार्यवाही का भरोसा
राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने के लिए जयपुर गए रायसिंहनगर के भाजपा विधायक बलवीरसिंह लूथरा का सरेराह बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया और भाग गए। घटना जयपुर के सिविल लाइन्स एरिया में मंत्रियों व विधायकों के आवासों से कुछ दूरी पर हुई। विधायक ने कहा कि यह घटना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। इससे पता चलता है कि राह पर चलता आम नागरिक सुरक्षित नहीं है। मामला विधानसभा में भी पहुंच गया, जहां मंत्री शांति धारीवाल ने सभी को आश्वास्त किया।
विधायक लूथरा ने एसबीटी न्यूज को बताया कि विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने के लिए वह कुछ दिन से जयपुर में रुके हुए हैं। बुधवार रात 9.45 बजे वह सिविल लाइन्स के पास गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। उनके हाथ में मोबाइल था। तभी अचानक दो बाइक सवार युवक तेजी से आए और झपट्टा मारते हुए उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। जल्दबाजी में उन्हें कुछ समझ ही नहीं आया। वह संभल पाते इससे पहले ही बाइक सवार वहां से रफूचक्कर हो गए।
यह मामला आज गुरुवार को विधानसभा में प्वाइंट किया गया। विधायक ने कहा कि सिविल लाइन्स एरिया में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों व विधायकों तक के निवास हैं। सुरक्षा के दावों की पोल इस वारदात ने खोल दी है। सड़क पर खड़ा आम आदमी भी सुरक्षित नहीं है। अन्य विधायकों ने भी इस बात का समर्थन किया और प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की बात कही। विधायक ने कहा कि वह आज पुलिस में लिखित रिपोर्ट देने जा रहे हैं।

No comments