Breaking News

चार दिन बाद घर लौटा राजकुमार

-पुलिस को बताया : पड़ोसी अशोक के साथ अपनी मर्जी से गया
श्रीगंगानगर। जवाहरनगर पुलिस थाना क्षेत्र से चार दिन पहले गायब हुआ दस साल का राजकुमार सकुशल घर लौट आया है। बीती मंगलवार रात वह पड़ोसी के साथ घर लौटा। इस पर पुुलिस ने राहत की सांस ली। अपने आरंभिक बयान में बच्चे ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से पड़ोसी अशोक के साथ गया था।
पुलिस उप निरीक्षक सुरजीत सिंह ने बताया कि 25 जनवरी को दीपक पुत्र बृजालाल निवासी 3 ई छोटी ने रिपोर्ट देकर 10 वर्षीय राजकुमार उर्फ बाबू की गुमशुदगी दर्ज करवाई। परिवादी ने बताया कि शनिवार को बाबू घर से खेलने के लिए निकला। बाद में नहीं लौटा। कोई अज्ञात उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। सुरजीत सिंह ने बताया कि इस पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए बच्चे की तलाश शुरु की। एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में बच्चा एक युवक के साथ जाता दिखाई दिया। इस पर पुलिस ने युवक की जांच-पड़ताल की। इससे मालूम हुआ कि युवक पड़ोस में रहने वाला अशोक नायक है। पेशे से वह मजदूर है। 25 जनवरी को अशोक काम पर जा रहा था। तभी राजकुमार उसके साथ चला गया। सम्पर्क करने पर जानकारी मिली कि अशोक अपनी बहन के घर समेजा कोठी है। बीते मंगलवार को वह दोपहर में समेजा से रवाना होकर रात में श्रीगंगानगर पहुंच गया। परिजनों ने बच्चे के सकुशल पहुंचने पर राहत की सांस ली।  सुरजीत सिंह ने बताया कि आरंभिक पूछताछ में राजकुमार ने बयान दिया है कि वह अपनी मर्जी से अशोक नायक के साथ गया था। अशोक की उम्र भी ज्यादा नहीं है। अब पुलिस बच्चे के 164 के बयान करवाएगी। इस बयान के आधार पर ही पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जाएगी।

No comments