Breaking News

श्रीगंगानगर में पुलिस महिलाओं को सिखाएगी आत्मरक्षा के गुर

- एक जनवरी से शुरू होगा महिला शक्ति आत्मरक्षा केन्द्र
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर समेत प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पुलिस अब महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएगी। इसके लिए  पुलिस ने जिला स्तर पर प्रशिक्षण देने की तैयारी कर ली है। इसके लिए हर जिला मुख्यालय पर महिला शक्ति आत्मरक्षा केन्द्र बनाया गया है, जहां पर महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सीखाए जाएंगे।
 डीजीपी भूपेन्द्रसिंह ने इस बारे में समस्त रेंज महानिरीक्षक एवं जिला पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी की ओर से कहा गया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उन्हें आत्मरक्षा हेतु सशक्त बनाने, अपने अधिकारों और कानून के बारे में सजग करने तथा महिला अपराधों में कमी लाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस 1 जनवरी 2020 से महिला शक्ति आत्मरक्षा केंद्रों को शुरू कर रही है। इन केंद्रों पर कोई भी कामकाजी, ग्रहणी महिला, अध्ययनरत बालिका, शिक्षण संस्थाएं एवं अन्य संस्थाएं अपनी संस्था की महिलाओं एवं बालिकाओं का नामांकन करा सकते हैं, जो अभिभावक अपनी बच्चियों को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दिलवाना चाहते हैं, वह निर्धारित केंद्रों पर नामांकन करवा सकेंगे।
यह आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम सात दिवसीय होगा। इसमे मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा जो पूर्णतया निशुल्क रहेगा। इन केंद्रों पर 31 दिसम्बर से पूर्व रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है। हालांकि इस समय अवधि में रजिस्ट्रेशन नहीं करवाने की स्थिति में भी प्रशिक्षण अवधि में करवाया जा सकेगा।


No comments