Breaking News

शहर के प्रमुख मार्गों पर टेम्पो चालकों ने बिगाड़ी यातायात व्यवस्था

- जिम्मेदारों को नहीं जानकारी
श्रीगंगानगर। शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ी हुई है। इसे सुधारने में यातायात पुलिस की भी रुचि नहीं दिख रही। बीते सप्ताह पुलिस के आईजी जिला मुख्यालय पर थे। इसके बावजूद गोल बाजार और रविन्द्र पथ सहित अन्य सभी भीड़ भाड़ वाले इलाकों में बिगड़ी यातायात व्यवस्था से लोग परेशान रहे।  अब भी वैसी ही स्थिति बनी हुई है। शाम चार बजे के बाद तो दुर्गा मन्दिर मार्केट व मुख्य बाजार सहित सभी मुख्य मार्गों पर बेतरतीब दौड़ते टेम्पोज के कारण व्यवस्था बिगड़ रही है।
यातायात पुलिस कर्मियों के तमाशबीन बने रहने के कारण अन्य वाहन चालक व राहगीर भी बेबस नजर आते हैं। सवारी के लिए टेम्पों को एकदम से रोक देने के कारण दुर्घटना के बाद भी पुलिस टेम्पो चालक के खिलाफ कार्रवाई से कतराती रहती है।
टेम्पो चालकों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि घटना की शिकायत करने वालों व अन्य वाहन चालक पर ही दोष मढऩे से भी गुरेज नहीं करते। गोल बाजार क्षेत्र में तो शाम के समय टेम्पो व चौपहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित होने के बावजूद वहां शाम चार बजे के बाद टेम्पों व कार सवार ही  व्यवस्था बिगाड़ते हैं। पुलिस कर्मी इन्हें भीड़ से बाहर करने के बजाय सड़क किनारे सफेद पट्टी के भीतर खड़े रेहड़ी-खोमचे व ई रिक्शा वालों पर ही अपना रौब झाड़ते रहते हैं। टेम्पो चालकों पर अंकुश के लिए इनके हाथ बंधे रहते हैं। ट्रैफिक पुलिस को मानो शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ी होने की जानकारी ही नहीं है।
मैं छुट्टी पर हंू
शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ी होने के बारे में यातायात प्रभारी कुलदीप चारण को जानकारी नहीं है। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि पिछले चार दिन से वे छुट्टी पर हैं। परसों आकर व्यवस्था सुधारने का प्रयास करेंगे।


No comments