Breaking News

शाम को बैठक में होगा जिलाध्यक्षी पर मंथन

- बैठक में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंचे भाजपा नेता
श्रीगंगानगर। भाजपा की श्रीगंगानगर जिलाध्यक्षी को लेकर बुधवार शाम को जयपुर में मंंथन होगा। इससे पूर्व दोपहर में पार्टी मुख्यालय पर बैठक हुई, जिसमें संगठन चुनाव पर चर्चा की गई। बैठक को प्रदेशाध्यक्ष सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। इस बैठक के बाद आगामी दिनों में जिलाध्यक्षों की घोषणा हो सकती है।
जयपुर पहुंचे भाजपा नेताओं ने बताया कि दोपहर बाद पार्टी मुख्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष ने बैठक ली। इसमें संगठन चुनाव पर चर्चा करतेे हुए जिला प्रभारियों और संगठन प्रभारियों से फीडबैक लिया गया। साथ ही निकाय चुनाव के संबंध में भी जिला प्रभारियों से रिपोर्ट लेते हुए पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा की गई। इसके बाद आज शाम को पार्टी की एक और बैठक होगी। इसमें भी संगठन चुनाव और जिलाध्यक्षों की नियुक्ति बारे संगठन प्रभारी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया जाएगा। जानकारी के अनुसार जिलाध्यक्षी को लेकर पार्टी में कई नामों की चर्चा चल रही है। हालांकि इससे दो दिन पूर्व जिला मुख्यालय पर नामांकन के दौरान 55 जनों ने जिलाध्यक्ष बनने का दावा पेश किया था। इन दावेदारों में से अधिकांश लोग आज जयपुर स्थित पार्टी मुख्यालय पर दिखाए दिए।
माना जा रहा है कि जिन नामों पर पार्टी नेतृत्व गंभीरतापूर्वक विचार कर रहा है, उनमें विजेंद्र पूनिया, गुरवीर सिंह बराड़, हरभगवान सिंह बराड़, आत्माराम तरड़, शिव स्वामी, राजन तनेजा, दीनानाथ बलाना और शरणपाल सिंह शामिल हैं। इन सभी के अलावा पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रपालसिंह टीटी, सूरतगढ़ विधायक रामप्रताप कासनिया भी अपने समर्थकों के साथ पार्टी मुख्यालय पहुंचे।


No comments