Breaking News

श्रीगंगानगर निवासी बैंक अधिकारी युवती की हादसे में मौत

-पांच फरवरी को होनी थी शादी
-हरियाणा के समालखा में हुआ हादसा
श्रीगंगानगर। हरियाणा के समालखा शहर में समालखा फ्लाईओवर कट पर सड़क पार कर रही श्रीगंगानगर निवासी बैंक अधिकारी युवती की हादसे में मौत हो गई। उसे एक कार ने टक्कर मारी और फिर कार करीब 50 मीटर तक उन्हें घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद चालक कार को लेकर फरार हो गया।   यह हादसा गुरुवार शाम को हुआ और आज शनिवार सुबह युवती ने निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 5 फरवरी को उनकी शादी होनी थी।
पुलिस के अनुसार स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की समालखा शाखा की डिप्टी मैनेजर अर्चना श्रीगंगानगर की रहने वाली थी। फिलहाल वह सोनीपत के सेक्टर-15 मे रहती थीं। पुलिस के अनुसार समालखा स्थित एसबीआई शाखा के कर्मचारी मनजीत रावत ने थाना समालखा में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार अर्चना कुमारी का अगस्त में समालखा शाखा में ट्रांसफर हुआ था। वह बैंक में ट्रेनर के पद पर कार्यरत थीं। गुरुवार शाम को ड्यूटी के बाद उसके साथी कर्मचारी एनजे प्रसाद, मोहन सिंह और रामशरण घर के लिए निकल गए। तभी अर्चना ने रामशरण को कॉल कर साथ चलने के लिए बोला। इस पर वह समालखा फ्लाई ओवर कट पर अर्चना का कार में इंतजार करने लगे।
 कुछ देर बाद ही अर्चना वहां आ गईं। अर्चना सड़क पार कर ही रही थीं कि तभी करनाल की तरफ से आ रही कार ने उसे चपेट में ले लिया। कार करीब 50 मीटर तक उसे घसीटते हुए ले गई। वह जब तक कार से उतरे तब तक चालक कार को लेकर भाग गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में वह उन्हें लेकर सोनीपत स्थित निजी अस्पताल में पहुंचे। वहां शनिवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
अर्चना 2016 बैच की प्रशिक्षु अधिकारी थी। वह गत अगस्त में पंजाब से ट्रांसफर होकर सहायक मैनेजर के पद पर यहां आई थी। सोनीपत में परिवार होने के कारण वहीं से प्रतिदिन कार में साथियों के साथ समालखा आती-जाती थीं। गुरुवार को भी वह ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर जाने के लिए बैंक से निकली थीं। अर्चना की शादी पांच फरवरी को होनी थी। उसका सोनीपत में रिश्ता तय किया गया। अर्चना का परिवार भी वहीं मकान लेकर रह रहा है। उसके परिजन शादी की तैयारी में लगे थे। अर्चना दो बहनों में छोटी थी। उसका भाई विदेश में रहता है।


No comments