Breaking News

श्रीगंगानगर में हाड़ कंपाती भयंकर ठंड

- रात का तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस
श्रीगंगानगर। क्षेत्र में भीषण सर्दी का प्रभाव लगातार जारी है। गुरुवार-शुक्रवार की रात ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा। यह इस मौसम की सबसे  सर्द रात रही। इस रात का तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात को जिन लोगों को बाहर निकलना पड़ा, अथवा रात की ड्यूटी करके लौटे लोग ही इस सर्द रात की निर्ममता बता सकते हैं। रात को यूं लग रहा था जैसे बर्फ की बीच बैठे हों।
हालांकि बुधवार-गुरुवार रात भी क्षेत्र में इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी लेकिन बीती रात ने तो जनजीवन को जैसे जमा ही दिया। लोगों को दो-दो रजाइयों का सहारा लेना पड़ा। शुक्रवार सुबह भी घने कोहरे और बादलवाही के बीच हुई। हालत यह थी कि दोपहर साढ़े बारह बजे तक सूर्य के दर्शन नसीब नहीं हुए थे।
दिन के समय भी दांत किटकिटा रहे थे और जिस्स कंपकंपा रहा था। लोगों ने गर्मागर्म चाय, कॉफी और अन्य गर्म पेय एवं खाद्य पदार्थों का सहारा लिया। लोगों के लिए सड़क पर चलना भी मुश्किल हो रहा था। इस कारण आम जनजीवन पर सर्दी का व्यापक असर पड़ा।
बाजार भी सूने-से नजर आए। शुक्रवार को दिन का तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक की स्थिति थी।


No comments