Breaking News

पीलीबंगा की आढ़त फर्म का मुनीम लापता

- रुपये लेनदेन का मामला होने का संदेह
पीलीबंगा। आढ़त के व्यापारी का एक मुनीम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पुलिस ने युवक के पिता की रिपोर्ट पर गुमशुदगी दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला रुपयों के लेनदेन का लग रहा है।
पुलिस के अनुसार रूपराम पुत्र उदमीराम शर्मा निवासी चक 42 एसएसडब्ल्यू ने रविवार को रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र 34 वर्षीय केवल शर्मा 27 दिसम्बर को  घर से मंडी पीलीबंगा में केसीसी का ब्याज जमा करवाने आया था। उसने ओबीसी में ब्याज जमा करवा दिया। इसके बाद घर के लिए परचून का सामान खरीद लिया। केवल के साथ जगदेव सिंह पुत्र गुरबचन सिंह भी था। केवल शर्मा ने जगदेव सिंह को परचून सामान गांव ले जाने के लिए दे दिया। इसके बाद से केवल शर्मा लापता हो गया। उसका मोबाइल नम्बर भी बंद आ रहा है। अपनी रिश्तेदारियों में केवल का पता करवाया, लेकिन वह कहीं नहीं मिला।
रूपराम ने पुलिस को बताया कि रिटायर अध्यापक दूधनाथ निवासी नाम चर्चा घर पीलीबंगा उसके पुत्र केवल शर्मा को रुपयों के लेनदेन को लेकर परेशान करता था। 27 दिसम्बर को दूधनाथ ने उसके पुत्र केवल को फोन भी किया था। इससे परेशान होकर उसका पुत्र कहीं चला गया। पुलिस ने बताया कि केवल शर्मा की फोटो को प्रदेश के पुलिस थानों में भेज कर उसकी तलाश करवाई जा रही है। केवल ने हल्के भूरे रंग की पेंट, काले रंग का कोट पहना हुआ है। वह पीलीबंगा में एक व्यापारी के यहां मुनीमी का काम करता था।


No comments