Breaking News

कांग्रेस की करुणा चांडक सभापति बनीं

- भाजपा प्रत्याशी बबीता गौड़ को 31 और करुणा को 34 मत मिले, भाजपा प्रभारी अभिषेक मटोरिया ने हार स्वीकार की
- उप सभापति पद भी कांग्रेस खेमे में जाने की संभावना बनी
श्रीगंगानगर। नगरपरिषद सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी करूणा चांडक सभापति बन गई हैं। उन्होंने कुल 65 में से 34 मत प्राप्त किए। भाजपा की बबीता गौड़ को 31 मत मिल पाए। राजकुमार गौड़ गुट के 6 पार्षद गत दिवस शाम को कांग्रेस खेमे में आते ही स्पष्ट हो गया था कि करूणा चांडक की जीत निश्चित हो गई है। भाजपा के प्रभारी पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा कि हमारे पास पार्टी के 24 पार्षद थे। इसके बावजूद हमने सात पार्षद और जुटाए। लेकिन सफलता नहीं मिली।  कांग्रेस नेता अशोक चांडक ने इसका श्रेय विधायक राजकुमार गौड़ को दिया है। उन्होंने गौड़, जगदीश जांदू सहित अन्य सभी कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, निर्दलीय पार्षदों का आभार व्यक्त किया है।
इधर, भाजपा प्रत्याशी बबीता गौड़, उनके पति पवन गौड़, प्रभारी प्रहलाद गुंजन, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, महेश पेड़ीवाल आदि ने समस्त पार्टी पार्षदों, निर्दलीय पार्षदों एवं नेताओं तथा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
आज मतदान प्रक्रिया मंगलवार सुबह 10 बजे ही शुरू हो गई। वार्ड नम्बर 61 से निर्दलीय पार्षद संजय बिश्नोई ने सबसे पहला वोट डाला है। इसके बाद सुबह करीब 11.15 बजे विधायक राजकुमार गौड़ के नेतृत्व में 19 कांग्रेसी और एक निर्दलीय पार्षद मतदान के लिए नगरपरिषद पहुंचे।
कांग्रेसी पार्षद अंदर मतदान करने पहुंचे ही थे कि भाजपा के पार्षद भी मतदान के लिए पहुंच गए।
अब मतदान के तुरंत बाद गिनती का काम शुरू हो गया। दोपहर 1.15 बजे निर्वाचन विभाग ने चुनाव परिणाम की घोषणा भी कर दी।
नगरपरिषद के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंधक थे। बैरिकेट्स लगाए गए थे। 200 मीटर की दूरी तक किसी भी वाहन का प्रवेश नहीं दिया गया। उन्हीं लोगों को प्रवेश करने दिया गया। जिनके पास प्रशासन द्वारा जारी किए गए आई कार्ड थे।
सभी थानाधिकारी और पुलिस के 170 जवान सुरक्षा के लिए तैनात किए गए। 4 सीसी कैमरे लगाए गए हैं।

No comments