Breaking News

गुरू साहिब की पालकी देख हुए नतमस्तक

- गुरूनानक जयन्ती पर निकला नगर कीर्तन
श्रीगंगानगर (एसबीटी)। जगत गुरु श्री गुरूनानक देव जी के 550 साला प्रकाशोत्सव को समर्पित श्री गुरूनानक जयन्ती पर्व पर सोमवार को गुरूद्वारा गुरू नानक दरबार से नगर कीर्तन निकला।
पांच प्यारों की अगुवाई में अलौकिक नगर कीर्तन शहर के मुख्य मार्गों व गुरूद्वारों से होता हुआ सायं 7 बजे गुरूद्वारा साहिब में विसर्जित होगा। नगर कीर्तन में गतका दल सदस्योंंं ने अपनी कला व जौहर का प्रदर्शन किया। नगर कीर्तन का अनेक स्थानों पर पुष्प व इत्र वर्षा से स्वागत किया गया। जगह-जगह चाय, पकौड़े व फलों का प्रसाद वितरित किया गया। नगर कीर्तन में संगत गुरू साहिब की फूलों सजी पालकी के पीछे शबद गायन करते चल रही थी। वहीं पालकी के आगे सेवादार मार्ग की सफाई करते चल रहे थे। नगर कीर्तन को आता देख कर जो जहां था, वहीं रूक गया। लोगो ने घरों व प्रतिष्ठानों से बाहर आकर नगर कीर्तन के दर्शन किए।
प्रधान गुरबचन सिंह वासन ने बताया कि कल मंगलवार को मुख्य समागम के तहत प्रात: 9 बजे श्रीअखण्ड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। इसके उपरान्त दोपहर 3 बजे तक विशेष कीर्तन दरवार सजाया जाएगा। इसमें स्थानीय व बाहर से आये रागी-ढाडी जत्थे व कथा वाचक कथा-कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे।
इसी दिन रात्रि दीवान में सायं 7 बजे से 12 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। इसमें विभिन्न रागी जत्थे कीर्तन द्वारा संगत को निहाल करेंगे तथा रात्रि 12  बजे रंगीन आतिशबाजी की जाएगी। समागम के दौरान गुरू का अटूट लंगर बरताया जाएगा।


No comments