Breaking News

बोर्ड बनाने के लिए कांग्रेसियों ने कसी कमर

- मतगणना का इन्तजार
श्रीगंगानगर। नगर परिषद चुनाव का परिणाम अभी नहीं आया है, कल मतगणना होनी है। इससे पहले ही बोर्ड बनाने के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। इसके तहत करीब 40 पार्टी प्रत्याशियों को अशोक चाण्डक के फार्म हाउस में रखा गया है। यहां से इन्हें किसी अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी आज दोपहर में की जा रही थी।
बाड़ेबंदी व बोर्ड को लेकर कांग्रेस नेता अशोक चाण्डक ने बताया कि बोर्ड कांग्रेस का बने, इसके लिए पार्टी पदाधिकारी प्रयास कर रहे हैं। वे भी इसी प्रयास में हैंं कि पार्टी को कामयाबी मिले। कांग्रेस के कितने प्रत्याशी जीत रहे हैं, इसके बारे में उन्होंने सीधे कोई दावा नहीं करते हुए कहा कि यह तो ईश्वर के हाथ में है कि कल मतगणना के बाद किसको कितनी सीटें आती हैं। आगे की रणनीति उसके बाद ही बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने 60 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे थे। इनमें से 40 अभी उनके साथ हैं। 10-12 अपनी अपनी मजबूरी के कारण नहीं आ पाए। उन्हें भी फिर से संदेश भेजकर बुलाया गया है। पांच-सात राजकुमार गौड़ के पास हैं। कल मतगणना के बाद क्या रहता है। उसी के आधार पर सभी को साथ लेकर कांग्रेस का बोर्ड बनाने का प्रयास रहेगा। वे सभी के सम्पर्क में है।
लोकतांत्रिक तरीके से बने बोर्ड : गौड़
विधायक राजकुमार गौड़ का कहना है कि नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड लोकतांत्रिक तरीके से बनना चाहिए। इसके लिए कांग्रेस के अधिकांश प्रत्याशी, निर्दलीय व अन्य भी उनके सम्पर्क में हैं। कांग्रेस के पदाधिकारियों के किए जा रहे प्रयास की जानकारी भी उन्हें मिली है, लेकिन इसके लिए किसी भी बैठक आदि की सूचना उन्हें नहीं दी जा रही। वे तो कल मतगणना का इन्तजार कर रहे हैं। उसके बाद कोई बुलावा आएगा तो अपनी बात रखने के लिए जाएंगे। जो जीत कर आता है, उसको सुनकर सामूहिक निर्णय होना चाहिए।


No comments