Breaking News

बिना अनुमति रोजाना बिकती है हरी लकडिय़ां, प्रशासन अनजान

श्रीगंगानगर/ पदमपुर। तहसील मुख्यालय पर रोजाना बिना अनुमति हरी लकडिय़ां बिक रही हैं। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन इस ओर अनजान बना हुआ है। इस बारे में अवगत करवाने पर जिम्मेदारर अधिकारियों ने जांच करवाने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार धानमंडी के पीछे लक्कड़ मंडी में बिना अनुमति रोजाना बड़ी मात्रा में हरी लकडिय़ां बेची जा रही हैं। जितनी मात्रा में रोजाना हरी लकडिय़ां मंडी में बेची जा रही हैं, उतने पेड़ काटने की अनुमति मिलना संभव नहीं। इसके बावजूद बड़ी मात्रा में रोजाना हरी लकडिय़ां काटकर मंडी में खुलेआम बेची जा रही हैं। हैरानी है कि इस बारे में जिम्मेदार अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं है।
सम्पर्क करने पर तहसीलदार वेदप्रकाश ने बताया कि अगर ऐसा है तो इस मामले की जांच करवाई जाएगी। जांच में आवश्यक होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम सुभाष कुमार ने भी जानकारी होने से इनकार करते हुए बताया कि इस बारे में अनुमति वन विभाग की ओर से दी जाती है।
पदमपुर मंडी समिति के कार्यवाहक सचिव डीएल कालवा ने भी इसकी जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि मंडी में बिना अनुमति हरी लकडिय़ां बेचना गलत है। अगर ऐसा होता है तो वे इस बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे।


No comments