Breaking News

मक्कासर के पास एसटीजी नहर टूटी, फसलों में पानी भरा

- कई मकानों में दरारें आईं, लोगों में रोष
श्रीगंगानगर (एसबीटी)। मक्कासर गांव के पास बहने वाली एसटीजी नहर के टूटने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। नरमा-कपास की फसल में पानी भर गया, जिससे किसानों में रोष है। इसके अलावा पास के कई मकानों में पानी घुसने से उनमें दरारें आ गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि को करीब ढाई बजे यह नहर अचानक टूट गई। जिसकी सूचना यहां के निवासी महेन्द्र कुमार ने अधिकारियों को दी। लेकिन अधिकारी सुबह 8.30 बजे पहुंचे, तब तक पानी कई बीघा भूमि में खड़ी नरमा-कपास की फसल को चौपट कर चुका था।
किसानों का कहना है कि उनकी फसलों का बहुत नुकसान हुआ है। उन्हें मुआवजा दिया जाए। महेन्द्र कुमार ने बताया कि उसके मकान में पानी घुसने से पूरा मकान बैठ गया है। हाल ही में उसने यह मकान बनाया था। विभाग और ठेकेदार की लापरवाही से यह घटना हुई है।
समय रहते यदि विभाग चेतता तो आज किसानों को नुकसान उठाना नहीं पड़ता। साढ़े 8 बजे के करीब जेसीबी की सहायता से नहर को बांधने के प्रयास शुरू कर दिए। 30 से 40 फीट लम्बा कटाव होने के कारण पानी पीछे से बंद करवाया गया, तब जाकर नहर को बांधने का कार्य शुरू हुआ।


No comments