Breaking News

पुलिस कर्मियों को पढ़ाएंगे जातिवाद से दूर रहने का पाठ

- सीएम के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय आया हरकत में, पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) ने जारी किए निर्देश
श्रीगंगानगर। अब राज्य के पुलिस कर्मियों को जातिवाद से अलग रहने का पाठ पढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय ने राज्य भर के पुलिस अधिकारियों को इस आशय के आदेश जारी किए हैं।
पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजीव दासोत ने इस बारे में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दासोत ने पुलिस कर्मियों के प्रशिक्षणों में जातिवाद से अलग रहने के व्याख्यान आयोजित करने के लिए कहा है। ऐसे व्याख्यान विशेष रूप से पुलिस प्रशिक्षण केन्द्रों में आयोजित किए जाएंगे।
 प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिस कर्मियों में पनप रहे जातिवाद पर चिंता जताने के बाद पुलिस मुख्यालय हरकत में आया है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 4 अगस्त को जयपुर में आयोजित राज्य की कानून-व्यवस्था संबंधी बैठक में इस बात पर विचार हुआ कि पुलिस कर्मियों में जातिवाद पनप रहा है। पुलिस बल के लिए यह चिंता का विषय है। इसे खत्म किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि जातिवाद के आधार पर पुलिस अधिकारियों का पदस्थापन-पोस्टिंग के अलावा पुलिस थानों में मुकदमे दर्ज करने और उनकी जांच करने में भी जातिवाद के आरोप-प्रत्यारोप लगते रहे हैं। इसके अलावा जातिवाद के कारण जांच में पक्ष लेने की शिकायतें भी सामने आती हैं।


No comments