Breaking News

शाम को श्रीगंगानगर में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

- सिख संगत को बेसब्री से गुरु के घर आने का इन्तजार
श्रीगंगानगर। पाकिस्तान के गुरुद्वारा ननकाना साहिब से एक अगस्त को प्रारम्भ हुआ श्री गुरुनानक देव जी के 550 साला प्रकाश पर्व को समर्पित अन्तर्राष्ट्रीय नगर कीर्तन हनुमानगढ़ से होता हुआ आज शाम श्रीगंगानगर शहर में प्रवेश करेगा। इससे पहले हनुमानगढ़ रोड स्थित रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी के पास संगत की ओर से नगर कीर्तन का उत्साह और जोश के साथ स्वागत किया जाएगा। गुरुद्वारा श्री गुरुनानक दरबार के मुख्य सेवादार गुरबचन सिंह वासन ने बताया कि यह पहला अवसर है, जब क्षेत्र की जनता इस अन्तर्राष्ट्रीय नगर कीर्तन की गवाह बनेगी। उन्होंने बताया कि इसमें एक विशेष वाहन पर श्री गुरुनानक देव की खड़ांवा, श्री हरगोविन्द साहिब जी व श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के अस्त्र-शस्त्र भी लाए जा रहे हैं। इनके दर्शन इलाकावासी कर सकेंगे।
इसे लेकर क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह है। जिस-जिस मार्ग से अन्तर्राष्ट्रीय नगर कीर्तन निकलेगा, वहां-वहां स्वागत के लिए तैयारियां की गई हैं। नगर कीर्तन का स्थान- स्थान पर संगत व विभिन्न संस्थाओं की ओर से पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा। गुरु की देग, छोले व फलों का प्रसाद वितरित किया जाएगा। रात्रि विश्राम पदमपुर रोड स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा दीप सिंह में होगा। उन्होंने बताया कि रिद्धि सिद्धि कॉलोनी के पास नगर कीर्तन के स्वागत का समय शाम चार बजे का दिया गया है लेकिन संगत के लम्बे काफिले के  साथ इसे यहां पहुंचने में एक-डेढ घण्टे की देरी भी हो सकती है। स्वागत के बाद रिद्धि सिद्धि से यह नगर कीर्तन चहल चौक, खीची चौक, सुखाडिय़ा सर्कल, बीरबल चौक, कोडा चौक होते हुए पदमपुर रोड स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा दीप सिंह  शहीद पहुंचेगा। रात्रि को गुरुद्वारा परिसर में बने विशाल हॉल में एक समागम होगा।
लालगढ़ जाटान में अन्तर्राष्ट्रीय नगर कीर्तन दोपहर तीन बजे धान मंडी पहुंचेगा। यहां संगत स्वागत करेगी। नगर कीर्तन को देखते हुए गांव लालगढ़ की स्वच्छता टीम ने तैयारियां कर रखी हैं। गांव की मुख्य सड़क, गुरुद्वारा, भगत सिंह चौक, धान मंडी, वाटर वक्र्स, बस स्टैंड, बास्केटबॉल मैदान, हैंडबॉल स्टेडियम के पास से  साफ  सफाई करवा कर संगत के लिए व्यवस्था की गई है। अनेक संस्थाएं भी नगर कीर्तन का स्वागत करेंगी।


No comments