Breaking News

31 अक्टूबर से ठप हो जाएंगी एम्बुलेंस सेवाएं

श्रीगंगानगर। समूचे जिले में 31 अक्टूबर से एंबुलेंस सेवाएं ठप हो जाएंंगी। राजस्थान एम्बुलेंस कर्मचारी यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर 31 अक्टूबर से एबुंलेंस सेवा ठप रखने का राज्यव्यापी आह्वान किया है। प्रदेश में इंटीग्रेटेड एम्बुलेंस सेवा के तहत 108, 104 और बेस एम्बुलेंस सेवाएं शामिल हंै। इन सेवाओं को 31 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से ठप करने की चेतावनी दी गई है। अगर इससे पहले कोई समझौता नहीं हो पाता है तो मरीजों के लिए समस्या पैदा होना तय है।
एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के अनुसार हाल ही में राज्य सरकार की ओर से जारी नई निविदा में वर्तमान में सेवारत एंबुलेंस कर्मचारियों के लिए कोई भी प्रावधान नहीं रखा गया है। ऐसे में एंबुलेंस कर्मचारियों के बेरोजगार होने का अंदेशा खड़ा हो गया है। इंटीग्रेटेड एम्बुलेंस सेवा के लिए राज्य प्रशासनिक सेवा स्तर का एक रिसीवर नियुक्त किया जाए ताकि कोई भी एंबुलेंस सेवा प्रदाता कंपनी एम्बुलेंस कर्मचारियों का शोषण न कर सके।
नई निविदा में एंबुलेंस कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने और प्रतिवर्ष 10 फीसदी वेतन वृद्धि का प्रावधान करने की भी मांग सरकार के समक्ष रखी गई है। एंबुलेंस कर्मी मांग कर रहे हैं कि जिस भी स्थान पर एम्बुलेंस रखी जाती है। वहां कर्मचारियों के रहने कमरे, बाथरूम और मूलभूत सेवाएं मुहैया करवाई जाए।


No comments