Breaking News

मुकदमे में गवाही देने को लेकर दो पक्षों में भिड़न्त

- आठ जने घायल, परस्पर मुकदमे दर्ज
श्रीगंगानगर। सदर पुलिस थाना क्षेत्र के गांव 5 ए छोटी में बीती रात पूर्व में दर्ज एक मुकदमे में एक युवक की गवाही देने की रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में भिड़न्त हो गई। लाठियों से एक दूसरे पर हुए हमले में दोनों पक्षों के आठ जने घायल हो गये। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर परस्पर मुकदमे दर्ज किए हैं।
एएसआई सुरेश मीणा ने बताया कि 5 ए छोटी में रहने वाले कादिर खां व दूसरे पक्ष के बलजीत सिंह के बीच रंजिश चली आ रही थी। पूर्व में बलजीत सिंह ने कादिर खां पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा रखा था। इस मुकदमे में सोनू नामक युवक ने कादिर खां के खिलाफ गवाही दी थी। इससे दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ गई। इसी रंजिश के चलते बीती रात दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया।
हमले में कादिर खां पुत्र नायब खां, उसके पुत्र नक्षत्र अली, गनी मोहम्मद, माणी पुत्र जसवीर व जसवीर को चोटें आई हैं। सभी बीती रात से अस्पताल में भर्ती हैं। आज सुबह दूसरे पक्ष के गुरप्रीत पुत्र बलदेव, जसकरण, जसकरण पुत्र थाना सिंह, बलजीत पुत्र श्याम सिंह निवासी 5 ए छोटी भर्ती हुए हैं।
बलजीत सिंह की ओर से आरोपियों पर मारपीट करने व जातिसूचक गालियां निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। इस प्रकरण की जांच सीओ एससीएसटी को सौंपी गई है।


No comments