Breaking News

गला रेत कर चाचा की नृशंस हत्या

- साथ ही सो रहे थे चाचा-भतीजा
हनुमानगढ़। टाउन के वार्ड नम्बर 28 मीरा कॉलोनी में आज अल सुबह एक युवक ने अपने चाचा की गला रेत कर हत्या कर डाली। खून से लथपथ चाचा की लाश आज सुबह घर की छत पर मिली। वारदात के बाद से कातिल भतीजा फरार है। पुलिस ने शव को टाउन के सरकारी अस्पताल में रखवाया है।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी नंदराम भादू ने बताया कि मृतक 45 वर्षीय सुभाष धाणक निवासी ढालिया हनुमानगढ़ जंक्शन था। सुभाष धाणक सोमवार रात को अपने भतीजे बिन्टू उर्फ बिटिंया घोड़ेवाला के घर मीरा कॉलोनी में आया था। रात को खाना खाने के बाद चाचा-भतीजा घर की छत पर सो गये। आज सुबह घरवालों ने छत पर सुभाष धाणक की खून से सनी लाश देकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी ने बताया कि सुभाष का गला काटा गया है। प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि आज सुबह करीब पांच बजे बिन्टू ने उस्तरे से अपने चाचा सुभाष धाणक का गला काट दिया। वारदात के बाद बिन्टू घर से फरार हो गया। परिवार के अन्य सदस्य नीचे आंगन में सो रहे थे। उस वक्त घरवालों को भी खबर नहीं थी कि छत पर भतीजे ने चाचा की हत्या कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि गला कटने पर सुभाष धाणक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के पीछे रहे कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। गांव ढालिया से मृतक के परिजन टाउन के सरकारी अस्पताल में पहुंचे।
टाउन पुलिस ने मृतक के दूसरे भतीजे मुकेश पुत्र गोपीराम धाणक निवासी मीरा कॉलोनी की रिपोर्ट पर बिन्टू उर्फ बिटिंया धाणक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मुकेश ने पुलिस को बताया कि उसका चाचा सुभाष घर आया था।
दोनों ऊपर छत पर सो रहे थे। इसी दौरान उसके भाई बिन्टू ने चाचा सुभाष की हत्या कर दी।


No comments