Breaking News

दामाद ने सुसराल आकर किया डबल मर्डर

- पत्नी के साथ चल रहा था झगड़ा, लोहे की रॉड से घटना को दिया अंजाम
हनुमानगढ़। एक दामाद ने अपने ससुराल आकर डबल मर्डर की घटना को अंजाम दे दिया। इस व्यक्ति का अपनी पत्नी के साथ झगड़ा चल रहा था। यह घटना हनुमानगढ़ जिले के भिरानी पुलिस थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी छानी में घटी। एक युवक ने अपने ससुराल में आकर लोहे की रॉड से सिर में ताबड़तोड़ वार करके पत्नी व सास को हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को भादरा के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची सीओ राजीव परिहार ने बताया कि मृतका पुष्पा व पुष्पा की मां 50 वर्षीय सजना जाट निवासी गढ़ी छानी थी। दोनों के खून से सने शव आज अल सुबह उनके घर में पड़े थे।
पुलिस ने मां-बेटी के शवों को भादरा के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। वहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम चल रहा है। परिजनों से रिपोर्ट लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
सीओ राजीव ने बताया कि परिजनों ने रिपोर्ट में बताया है कि हरियाणा के गांव झोखड़ा के विनोद जाट ने यहां अपने ससुराल गढ़ी छानी में आकर लोहे के वजनी हथियार से नींद में सो रही पत्नी पुष्पा व सास के सिर पर ताबड़तोड़ वार करके दोनों की हत्या कर दी। पुष्पा व विनोद के बीच झगड़ा होने पर कई दिन पहले वह अपने ससुराल से अपने पीहर आ गई थी। पुष्पा के पास उसकी अढ़ाई वर्षीय व अढ़ाई माह की दो बेटियां थी। विनोद जाट पत्नी व सास की हत्या करने के बाद अढ़ाई वर्षीय बेटी को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने विनोद जाट को राउण्डअप कर लिया है।
सीओ के अनुसार प्रारंभिक जानकारी मिली है कि पुष्पा व विनोद में कई दिनों से झगड़ा चल रहा था। इसी झगड़े के चलते पुष्पा पीहर गई।   विनोद बीती रात हरियाणा से अपने ससुराल पहुंचा और रात को हत्या करके वापिस चला गया। पुलिस ने आज सुबह हत्या के आरोपी विनोद जाट को राउण्डअप कर लिया है। दोनों छोटी बेटियों को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।


No comments