Breaking News

श्रीगंगानगर जिले में भाजपा का फोकस अब संंगठनात्मक चुनावों पर

- 11 सितंबर से होगी चुनाव प्रक्रिया आरंभ, बूथ से लेकर जिला स्तर पर होंगे चुनाव
श्रीगंगानगर। सितंबर महीने में जिले मेंं भारतीय जनता पार्टी का पूरा फोकस पार्टी के संगठनात्मक चुनाव पर रहेगा। पार्टी का सदस्यता अभियान मुकम्मल हो चुका है। अब भाजपा के संगठन चुनाव 11 सितंबर से शुरू होकर नवंबर तक चलेंगे। पार्टी आलाकमान के निर्देश के बाद चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं की जयपुर मेंं हुई कार्यशाला मेंं संगठन चुनाव की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं।
कार्यशाला में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा श्रीगंगानगर जिले से जिला संगठन प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला चुनाव अधिकारी, सह अधिकारी, जिला चुनाव सहायक, सदस्यता अभियान के संभाग संयोजक, संभाग संयोजक और जिला संयोजक शामिल हुए। पार्टी के राष्ट्रीय सह चुनाव अधिकारी हंसराज गंगाराम अहीर और अन्य नेताओं ने कार्यशाला में आए नेताओं को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से चुनाव कराने के निर्देश दिए।
कब-किस स्तर के होंगे चुनाव
अब भाजपा के संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत 11 से 29 सितंबर तक बूथ स्तर पर, 11 से 30 अक्टूबर तक मंडल स्तर पर और 11 से 30 नवंबर तक जिला स्तर पर चुनाव होंगे। इसके बाद दिसंबर में प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर तक के चुनाव होंगे।

No comments