Breaking News

श्रीगंगानगर से रामदेवरा जा रहे पति-पत्नी सहित तीन जनों की सांप के डसने से मौत

- पुरानी आबादी का रहने वाला है परिवार
श्रीगंगानगर/बीकानेर। लोकदेवता बाबा रामदेव मंदिर रामदेवरा में दर्शन करने जा रहे तीन पैदल यात्रियों की सांप के डसने से मौत हो गई। मृतकों मेें पति-पत्नी व उनका एक रिश्तेदार युवक है। घटना छतरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के मोतीगढ़ मंदिर के निकट की है। तीनों के शवों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के मुर्दा घर में रखवाया गया है। मृतकों के परिजन श्रीगंगानगर से  बीकानेर पहुंच रहे हैं।
छतरगढ़ पुलिस थाना प्रभारी सुरेन्द्र बारूपाल ने बताया कि इस घटना के बारे में आज सुबह करीब दस बजे सूचना मिली है। तीनों शवों को पीबीएम पहुंचा दिया गया है। मृतकों के परिजन श्रीगंगानगर से पहुंच रहे हैं। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाया जायेगा। मृतकों की पहचान श्रीगंगानगर के वार्ड नम्बर 5 के चुन्नीलाल नायक की पत्नी व रिश्तेदार युवक राजू के रूप में हुई है। यह लोग 22 अगस्त को श्रीगंगानगर से रामदेवरा पैदल यात्रा पर रवाना हुए थे।
जत्थे में शामिल यह लोग बीती रात छतरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में मोतीगढ़ मंदिर के निकट यात्रियों के लिए बने विश्राम स्थल पर सो गये। आज अल सुबह तीनों बेसुध मिले, तो साथी यात्रियों ने उन्हें संभाला और पीबीएम अस्पताल में पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि तीनों की मौत सांप के जहर से हुई है।
इधर पुलिस की सूचना मिलने पर वार्ड नम्बर 5 से मृतकों के रिश्तेदार बीकानेर के लिए रवाना हो गये। पति-पत्नी रामदेवरा पैदल यात्रा के लिए गये थे। अब दोनों के शव आज देर शाम तक श्रीगंगानगर लाये जाने की संभावना है।


No comments