Breaking News

अपने कान्हा को सजाने-संवारने में लगी रहे यशोदाएं

- धूमधाम से मनाया जा रहा है श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
श्रीगंगानगर। जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने के लिए दो दिन से विभिन्न मंदिरों में सजावट की जा रही है, भजन कीर्तन हो रहे हैं और अनेक शिक्षण संस्थाओं में नन्हे-मुन्नों को बालकृष्ण बनाने की होड़ लगी हुई है। अनेक माताएं तो अपने नन्हे-मुन्ने बच्चों को बालकृष्ण का रूप धारण करवाने के लिए सुबह से ही उन्हें सजाने-संवारने में लगी हुई हैं। भादवा कृष्ण पक्ष की अष्टमी को लेकर असमंजस होने से कुछ लोगों ने शुक्रवार को जन्माष्टमी मना ली तो कुछ शनिवार को मना रहे हैं।
पुरानी आबादी स्थित श्रीकृृष्ण मंदिर में शनिवार को सायं आठ बजे से जन्माष्टमी की सुंदर-सुंदर झांकियां मंदिर प्रांगण में सजाई जाएंगी। रात्रि 12 बजे आतिशबाजी के साथ आरती  होगी। मंदिर का इकतालीसवां वार्षिकोत्सव मनाया जा रहा है। इस कड़ी में चल रहे कार्यक्रमों के तहत शुक्रवार को पांच सौ पौधों का वितरण किया गया। एक सौ एक कन्याओं को निशुल्क कम्प्यूटर शिक्षा का पैकेज भी दिया गया।       
श्रीगुरुनानक कृष्णा मन्दिर समिति नजदीक एच ब्लॉक डिग्गी में शनिवार रात होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां बड़े जोरों से चल रही हैं। अध्यक्ष मनजीत सिंह मण्ड ने बताया कि इस मौके पर कालिया नाग के साथ उबलते पानी में कृष्ण व उनकी टोली की टक्कर तथा कृष्ण जन्म के तुरंत बाद वासुदेव के बाल कृष्ण को समुद्र में भयंकर आंधी-तूफान में ले जाते हुए सचेतन झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहेंगी।
सेतिया कॉलोनी स्थित श्री सिद्धि विनायक में श्री दादाजी संकीर्तन मण्डल और श्री गणेश महिला संकीर्तन मण्डल कीर्तन करेगा। श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर थाली बजाकर खुशी मनाई जाएगी।
इस मौके पर डांडिया कार्यक्रम और भजन संध्या होगी। शाम सात से आठ बजे तक डांडिया कार्यक्रम होगा। रात्रि 8.15 बजे से श्री राधाकृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सचेतन झांकियां सजाई जाएंगी। रात्रि 12 बजते ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी का महोत्सव श्री हनुमान मंदिर शक्तिनगर में मनाया गया। आज रात नंद उत्सव के तहत रात्रि आठ बजे से विशेष कार्यक्रम होंगे।
रामेश्वरम सेवा समिति से संचालित अग्रसेन चौक स्थित शिव मंदिर में शनिवार को श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव रात्रि आठ से बारह बजे तक मनाया जाएगा। विभिन्न विद्यालय भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर लगभग 20 सचेतन झांकियां प्रस्तुत करेंगे। प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली झांकियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यालय को सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
आर्य समाज ने गोलबाजार में आज प्रात: आठ बजे यज्ञ पूर्वक जन्माष्टमी का पर्व आर्य स्कूल के विद्यार्थियों के साथ मनाया।
इस पर्व पर सर्वप्रथम यज्ञ हुआ तथा इसके बाद भक्ति भजन सुनाए गए। श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर जसवन्त गोदारा तथा रामनिवास गुणग्राहक ने प्रकाश डाला। कार्यक्रम में आर्य समाज के प्रधान रविप्रकाश, मंत्री धर्मेन्द्र भाटिया, रामकुमार वर्मा, दीपक सेठ, जसवन्त गोदारा, रतन भटनागर आदि मौजूद थे।
हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित गंगानगर पब्लिक स्कूल के किंडर गार्टन सैक्शन में जन्माष्टमी उत्सव मनाया गया। स्कूल प्रबंधन ने झांकियों का आयोजन किया। बच्चों ने कान्हा व राधा का रूप धर कर सभी का मन मोह लिया। अध्यापिका ममता जुनेजा व अनिता अरोड़ा ने भी राधा-कृष्ण का रूप धर कर प्रशंसा पाई। स्कूल प्रिंसिपल जसकंवल कौर ने आयोजन के लिए सभी की सराहना की। बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी उत्सव का आनन्द लिया।
लॉयन्स क्लब श्रीगंगानगर सिटी तथा गे्रविटी मेंस वेयर के तत्वावधान में जन्माष्टमी अनूठे अंदाज में मनाई गई। सचिव शुभम जैन ने बताया कि शनिवार सुबह रेलवे परिसर के लॉन्ड्री ब्लॉक में 100 पौधे लगाए गए।
इस मौके पर लॉयन्स क्लब के डिस्ट्रिक्ट सेक्रेट्री बनवारीलाल गोयल, रीजन चेयरमैन अजय मित्तल, बलवीर गहलोत, गाइडिंग आर्किटेक्ट अंजनीश गोयल, पवन अग्रवाल, लॉयन्स क्लब सिटी के अध्यक्ष गौरव काकरिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
तपोवन मनोविकास विद्यालय तथा महाविद्यालय में जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। भजनों एवं गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर बौद्धिक दिव्यांग बच्चों ने लघु नाटिका का मंचन एवं भजन कीर्तन किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को पुरस्कार दिए गए।
सुदामानगर स्थित श्री खाटू श्याम धाम मंदिर के मुख्य सेवादार संदीप शेरेवाला ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर को फूलों, गुब्बारों व लाइटों से सजाया गया है। शनिवार रात को मंदिर प्रांगण से जुड़े बच्चों की सचेतन झांकियां सजाई जाएंगी।


No comments