Breaking News

धारदार हथियार से पत्नी पर कातिलाना हमला, हालत गंभीर

- पत्नी को मरणासन्न करके पति का थाने में आत्मसमर्पण
रायसिंहनगर। विजयनगर मार्ग पर राधा स्वामी डेरे के निकट एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला करके पत्नी को मरणासन्न कर दिया। खून से लथपथ पत्नी को कमरे में बंध करके इस व्यक्ति ने पुलिस थाने में आत्मसमर्पण करते हुए घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल महिला को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, यहां से उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार डेरे के निकट रहने वाले किशनकांत ब्राह्मण ने बदहवाश अवस्था में थाने में पहुंच कर बताया कि उसने आज अपनी पत्नी मंजू शर्मा पर धारदार हथियार से हमला करके उसे बुरी तरह से घायल कर दिया है। अब अपने घर में पत्नी को कमरे में बंद करके आया है। किशनकांत की बात सुन कर पुलिस तुरंत उसके घर में पहुंची और खून से लथपथ मंजू शर्मा को अस्पताल में पहुंचाया। सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद 30 वर्षीय मंजू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस उप अधीक्षक जयकिशन तंवर ने भी अस्पताल में पहुंच कर घायल मंजू शर्मा से  बातचीत करके घटनाक्रम की जानकारी ली। घटना आज सुबह सवा नौ बजे की है। घटना के वक्त बच्चे घर नहीं थे। पुलिस ने पति किशनकांत ब्राह्मण को राउण्डअप कर लिया है। महिला की हालत गंभीर बताई जाती है। घटना के पीछे रहे कारण अज्ञात बताए जाते हैं। किशनकांत रायसिंहनगर निवासी रिटायर मास्टर का पुत्र है।


No comments