Breaking News

अब होंगे राजस्थान के सबसे उम्रदराज सांसद, 86 की उम्र में जाएंगे राज्य सभा

जयपुर। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह राज्य सभा में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे उम्रदराज सांसद होंगे। डॉ सिंह की उम्र 86 वर्ष है। राज्य सभा सांसद मदन लाल सैनी के निधन के बाद रिक्त हुई एकमात्र सीट पर मनमोहन सिंह निर्विरोध चुनकर राज्य सभा जा रहे हैं। हालांकि बुधवार को नामांकन का आखिरी दिन पूरा बीत जाने के बाद उन्हें आधिकारिक और निर्विरोध तौर से राज्य सभा सांसद घोषित कर दिया जाएगा।
राजस्थान से सबसे उम्रदराज सांसद
राज्य सभा के सदन में बैठने वाले 86 वर्षीय डॉ मनमोहन सिंह राजस्थान से सबसे उम्रदराज सांसद होंगे। उनकी जन्म तारीख 26 सितम्बर 1932 है। उम्र के लिहाज़ से राजस्थान के राज्य सभा सांसदों की फहरिस्त में दूसरा नंबर सांसद रामनारायण डूडी का आता है। 10 सितम्बर 1948 को जन्मे डूडी की उम्र 71 वर्ष है। उनके बाद डॉ किरोड़ी लाल मीणा 68 वर्ष, ओम प्रकाश माथुर 67 वर्ष, केजे अल्फोंस 66 वर्ष, विजय गोयल 65 वर्ष, नारायण लाल पंचारिया 65 वर्ष, रामकुमार वर्मा 64 वर्ष, हर्षवर्धन सिंह डूंगरपुर 63 वर्ष और भूपेंद्र यादव 50 वर्ष आते है।
वहीं मदन लाल सैनी का निधन 76 वर्ष की उम्र में हुआ है। 13 जुलाई 1943 को जन्मे सैनी का निधन 24 जून 2019 को नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में हुआ था। गौरतलब है कि संविधान के अनुच्छेद 84 के अनुसार राज्य सभा में संसद की सदस्यता से जुडी विभिन्न अहर्ताओं में न्यूनतम आयु सीमा तो स्पष्ट है लेकिन अधिकतम आयु सीमा का उल्लेख नहीं है। संसद के सदस्य को कम से कम तीस वर्ष का होना आवश्यक है।
राजस्थान से राज्यसभा सांसद और उनकी जन्म तिथि
रामनारायण डूडी 10 सितम्बर 1948
डॉ किरोड़ी लाल मीणा 3 नवम्बर 1951
ओम प्रकाश माथुर 12 अगस्त 1952
केजे अल्फोंस 8 अगस्त 1953
विजय गोयल 4 जनवरी 1954
नारायण लाल पंचारिया 10 अगस्त 1954
रामकुमार वर्मा 7 अगस्त 1955
हर्षवर्धन सिंह डूंगरपुर 6 जून 1956
भूपेंद्र यादव 30 जून 1969
एकमात्र नामांकन, आज आखिरी दिन
नामांकन प्रक्रिया 7 अगस्त को शुरू हुई थी लेकिन अब तक एकमात्र नामांकन सिंह ने भरा है। बुधवार को अंतिम तिथि है। कांग्रेस के पास बसपा व निर्दलीयों के साथ 119 सदस्यों का बहुमत है। राज्य की 200 विधानसभा सीटों में से अभी 2 खाली हैं। ऐसे में चुनाव होने पर जीत के लिए 100 वोटों की जरूरत होगी। भाजपा व अन्य किसी दल ने दावेदारी पेश की तो मतदान 26 को होगा। राज्यसभा की यह सीट करीब 2 माह भाजपा के मदनलाल सैनी के निधन के कारण रिक्त हुई थी। राज्य की कुल 10 में से 9 सीटें भाजपा के कब्जे में हैं।


No comments