Breaking News

पुलिस की छवि सुधारने मेंं मदद करेंगे स्कूली विद्यार्थी

- श्रीगंगानगर जिले के 23 स्कूलों में शुरू होगी स्टूडेंट्स-पुलिस कैडेट योजना
- विद्यार्थियों में अनुशासन एवं कानून की पालना की भावना को स्वाभाविक जीवन शैली में शामिल करना उद्देश्य
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के 23 स्कूलों में जल्द ही स्टूडेंट्स-पुलिस कैडेट योजना शुरू की जाएगी। सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले स्टूडेंट्स में अनुशासन और कानून की पालना की भावना को स्वाभाविक जीवन शैली में शामिल करने के उद्देश्य से इस योजना को शुरू करना तय किया गया है। यह योजना हनुमानगढ़ जिले के 21 स्कूलों में भी शुरू होगी।
राज्य में पुलिस की छवि सुधारने को लेकर गृह विभाग और पुलिस महानिदेशालय ने एक योजना तैयार की है। आम लोगों में पुलिस के भय की बनी धारणा को दूर करने और पुलिस की छवि सुधारने के लिए स्कूलों को चिह्नित कर इनमें पढऩे वाले विद्यार्थियों का स्टूडेंट पुलिस कैडेट के रूप में चयन किया है। यह स्टूडेंट पुलिस कैडेट पुलिस और आम लोगों के बीच सेतु का काम करेंगे।
स्कूलों में आठवीं कक्षा से इस योजना की शुरुआत होगी। योजना दो साल की अवधि के लिए चलाई जाएगी। पहले साल में आठवीं के चयनित स्टूडेंट्स को ट्रेंड किया जाएगा और आगामी वर्ष में इन्हीं कैडेट्स को नौवीं में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस योजना के तहत जिला स्तर पर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला स्टीयरिंग कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी में एसपी व डीईओ माध्यमिक सदस्य होंगे। यह कमेटी स्कूलों में स्टूडेंट्स पुलिस कैडेट कार्यक्रम को मार्गदर्शन देगी और योजना की गतिविधियों का मूल्यांकन करेगी। कमेटी की तीन माह में एक बैठक होगी।
हाल में बीकानेर में आयोजित संभाग स्तरीय कार्यशाला में संबंधित स्कूलों के संस्था प्रधानों और शारीरिक शिक्षकों को योजना के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में शिक्षा विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने योजना की जानकारी दी। कार्यशाला में हनुमानगढ़ के 21 और श्रीगंगानगर जिले के 23 संस्था प्रधान और शारीरिक शिक्षकों ने भाग लिया।
चयनित स्कूल में थानाधिकारी व स्टाफ चयनित स्टूडेंट को प्रशिक्षण देने में अहम भूमिका निभाएंगे। राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक स्कूल के चयनित स्टूडेंट को प्रशिक्षण देने के लिए बजट स्वीकृत किया गया है।
योजना के तहत करेंगे यह सब काम
स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम के अंतर्गत समाज में पुलिस की अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम, आंतरिक सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था में भूमिका, पुलिस की कार्यप्रणाली, सड़क एवं यातायात जागरुकता, पुलिस के सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नागरिकों का समाज एवं पुलिस के प्रति उत्तरदायित्व के संबंध में चयनित स्टूडेंट पुलिस कैडेट को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह, दहेज प्रथा, बाल मजदूरी जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरुकता पैदा करने का कार्य किया जाएगा।


No comments