Breaking News

कल से मांगी जायेंगी नए वार्डों पर आपत्तियां

- नक्शे तैयार, शाम तक बनेगी पुनर्सीमांकन की सूची
श्रीगंगानगर। नगर परिषद क्षेत्र में 15 नए वार्डों के गठन का पहला चरण गुरुवार को पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए परिषद में निर्माण शाखा की टीम नक्शे बनाने के बाद आज वार्डों में सीमांकन के लिए व्यस्त रही। वर्ष 2011 की जनसंख्या के अनुसार वार्डों की सूची बनाने के बाद रिपोर्ट आयुक्त को सौंप दी जायेगी।
राज्य सरकार के आदेश पर शहर में वार्डों की संख्या 50 से 65 की जा रही है। इसके लिए नगर परिषद ने वार्ड संख्या 1 से 16 में से 6, 17 से 29 में से 5 और 30 से 50 में से 4 नए वार्डों का खाका तैयार किया है। अब वार्डों का जो निर्धारण किया जा रहा है, उनमें जनसंख्या 2500 से 3900 के बीच रखी गई है।
आज शाम को काम पूरा होने के बाद आयुक्त  15 जुलाई तक पुनर्सीमांकन के प्रस्तावों पर आपत्ति आमंत्रित करेंगे। 16 से 22 जुलाई तक वार्ड गठन का प्रस्ताव मय नक्शे एवं प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर टिप्पणी सहित सरकार को प्रेषित किया जाएगा। 23 जुलाई से 6 अगस्त तक राज्य सरकार की ओर से आपत्तियों का निस्तारण व प्रस्तावों का अनुमोदन होगा। चुनाव के लिए किस वार्ड से किस वर्ग का प्रतिनिधित्व होगा, यह तो लॉटरी के जरिए निर्धारित होगा मगर वार्डों का क्षेत्र अपने हिसाब से तय कराने की कोशिशें पुनर्सीमांकन के दौरान प्रभावी लोग के करने की चर्चाएं भी हो रहीं हैं।


No comments