Breaking News

हिन्दी से अंग्रेजी में बदले स्कूल का विरोध

- नहीं खुलने दिया ताला, शिक्षा अधिकारी मौके पर
श्रीगंगानगर। जिला मुख्यालय पर धानक बस्ती में राज्य सरकार की ओर  से नए शिक्षा सत्र में जिस सरकारी स्कूल को अंग्रेजी माध्यम में शुरू किया गया है, उस महात्मा गांधी गवर्मेंट स्कूल में पढ़ाई शुरू होने से पहले ही हंगामा हो गया। हंगामे का कारण बड़ी कक्षाओं के बच्चों अन्य स्कूलों में शिफ्ट करने को लेकर गलतफहमी होना बताया जा रहा है। दूसरे दिन भी हंगामे के चलते बुधवार सुबह स्कूल का ताला नहीं खुलने दिया गया। जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बच्चों व अभिभावकों से समझाइश कर ताला खुलवाने के प्रयास शुरू कर दिए।
इस दौरान स्टाफ  बाहर स्कूल भवन की छाया में बैठा स्कूल खुलने का इंतजार करता रहा।  बड़ी संख्या में विद्यार्थी स्कूल गेट के सामने नारे लगाते रहे। उनकी मांग है कि अंग्रेजी मीडियम स्कूल बंद कर हिन्दी मीडियम विद्यालय से शुरू किया जाए।
शिक्षा अधिकारियों की समझाइश से करीब 10 बजे स्कूल के ताले तो एक बार खोल दिए गए परन्तु मामले का पूरी तरह से समाधान नहीं हो पाया। इसके लिए स्कूल के प्राचार्य कक्ष में दोपहर तक वार्ता जारी थी।
कुछ अभिभावकों ने आशंका जताई कि उनके बच्चों को दूसरे स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी सुखमिन्द्र सिंह व अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र सोनी ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी बच्चे को कहीं शिफ्ट नहीं किया जाएगा। स्कूल को दो शिफ्ट में लगाने की कोशिश होगी।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र सोनी ने बताया कि सरकार ने इस सत्र से राजकीय विद्यालय हरिजन बस्ती को अंग्रेजी माध्यम में कन्वर्ट करते हुए कक्षा एक से आठ तक की अनुमति दी है। इसके लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है।
कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों में यह गलतफहमी फैल गई कि उन्हें स्कूल से निकाला जायेगा जबकि ऐसा नहीं है। विभाग ने सरकार से इस स्कूल को दो शिफ्ट में चलाने की अनुमति मांग रखी है।


No comments