Breaking News

नवविवाहिता ने फांसी लगा कर दी जान

- दो माह पूर्व दिया था बेटी को जन्म
- संस्कार की तैयारी के बीच पुलिस पहुंची
रायसिंहनगर। निकटवर्ती गांव 9 टीके में शुक्रवार शाम को नवविवाहिता ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। आज सुबह संस्कार की तैयारी हो रही थी, इसी बीच बात बिगडऩे पर पुलिस को सूचना कर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार मृतका 23 वर्षीय सुमन पत्नी सुखदेव बावरी निवासी 9 टीके थी। सुमन ने कल अपने ससुराल में फांसी लगा ली। पति ने जब उसे संभाला, तो वह मर चुकी थी। रात भर शव घर के आंगन में पड़ा रहा। आज सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी हो रही थी। रिश्तेदारों ने मामला संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी। इस पर थाना प्रभारी किशन सिंह व कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी पन्नालाल मीणा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। वहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया।
मृतका के पिता गांव 40 एनपी निवासी रामदेव पुत्र महेन्द्र बावरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सुमन-सुखदेव की शादी करीब 13 माह पूर्व हुई थी। सुमन ने करीब दो माह पूर्व बेटी को जन्म दिया। सुमन-सुखदेव गांव में दादा-दादी के पास रहते थे। सुखदेव अपने पिता के पास नहीं रहता था। घर में सब कुछ ठीक था। सुमन आत्महत्या क्यों की, इसके कारण पता नहीं है। पुलिस ने सुमन के पिता रामदेव बावरी की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की है। मर्ग की जांच उपखण्ड अधिकारी को सौंपी गई है।


No comments