गर्मी-उसम से धीमी हुई कृषि जिंसों की आवक
श्रीगंगानगर। जिले भर में भीषण गर्मी और उमस का दौर बुधवार को भी जारी रहा। उमस-गर्मी से जहां एक ओर आमजन परेशान है, वहीं कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। जिला मुख्यालय स्थित नई धानमंडी में कृषि जिंसों की आवक भी इसी वजह से कम हुई है। मंडी व्यापारी सुरेंद्र सिंगला ने बताया कि गर्मी-उमस के साथ-साथ बाजार मंदा रहने की वजह से कृषि जिंसों की आवक कमजोर है। फिलहाल अन्य कृषि जिंसों की तुलना में सरसों की आवक ही अधिक हो रही है। गेहूं, ग्वार, चना सहित अन्य कृषि जिंसें कम मात्रा में आ रही हैं। बुधवार को नई धानमंडी में सरसों की आवक 1000 बोरी, गेहूं की 600, ग्वार की 400 और चना की 300 बोरी रही।

No comments