ईडी ने कुर्क की गौतम खेतान की पत्नी की 7.49 लाख की संपत्ति
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदा घोटाला मामले में आरोपी गौतम खेतान की पत्नी के बैंकों में जमा 7.49 लाख रुपये कुर्क किये हैं। दंपति के खिलाफ मनी लाड्रिंग मामले की जांच के संदर्भ में यह राशि कुर्क की गयी है। केंद्रीय एजेंसी ने कहा कि उसने मनी लाड्रिंग निरोधक कानून (पीएमएलए) के तहत कोष कुर्क करने के लिये अस्थायी आदेश जारी किया है। यह राशि आईसीआईसीआई बैंक की कनाट प्लेस शाखा में रखी हुई थी। ईडी ने इस मामले में जनवरी में दिल्ली के वकील और कारोबारी गौतम खेतान को गिरफ्तार किया था। कालाधन (अघोषित विदेशी आय और संपत्ति) तथा कर कानून का अधिरोपण, 2015 के तहत आयकर विभाग की शिकायत पर ताजा आपराधिक मामला दर्ज करने के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने यह कदम उठाया था। गौतम अपनी पत्नी के साथ 3,600 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदा में भ्रष्टाचार मामले में मुख्य आरोपी हैं। ईडी एक अलग पीएमएलए मामले में इसकी जांच कर रहा है। रितु इस मामले में आरोपी है।

No comments