Breaking News

एक ही परिवार की चार महिलाओं की दर्दनाक मौत, पिता-पुत्र घायल

- अनियन्त्रित कार पेड़ से टकराई
बीकानेर। जसरासर पुलिस थाना क्षेत्र में आज सुबह अनियन्त्रित कार पेड़ से टकराने से एक ही परिवार की चार महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में इसी परिवार के पिता-पुत्र घायल हो गये। दोनों को पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कार में सवार यह परिवार हरियाणा से बीकानेर के मुकाम में दर्शन करने जा रहा था। पुलिस ने आज दोपहर पोस्टमार्टम के बाद चारों शव परिजनों को सौंप दिए।
थाना प्रभारी गौरव खिडिय़ा ने बताया कि हादसे में 55 वर्षीय कृष्णा देवी पत्नी घमंडीलाल बिश्रोई, 78 वर्षीय बुग्गी देवी पत्नी भूप सिंह बिश्रोई निवासी आजाद नगर सिरसा हरियाणा, 20 वर्षीय आरजू पुत्री सतपाल बिश्रोई निवासी धागड़ फतेहाबाद हरियाणा व रजनी पत्नी संजय बिश्रोई निवासी फतेहाबाद हरियाणा की मौत हो गई। तीन महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रजनी बिश्रोई ने पीबीएम में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल मृतक रजनी के पति संजय बिश्रोई व तीन वर्षीय बेटे विशु बिश्रोई को पीबीएम में भर्ती करवाया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक ही परिवार के लोग स्विफ्ट कार में सवार होकर हरियाणा से मुकाम में दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में गांव कातर के निकट कार अनियन्त्रित होकर सड़क किनारे खेजड़ी के पेड़ से जा टकराई। हादसा हुआ सुबह करीब पौने बजे हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों व घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल में पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि पुलिस की सूचना पर हरियाणा से मृतकों के परिजन यहां पहुंच गये हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गये हैं। घटनास्थल जसरासर से तीन किलोमीटर दूर गांव कातर के निकट हुआ।

No comments