Breaking News

एसपी के बाद वकीलों ने फूंका आईजी का पुतला

श्रीगंगानगर। वकील के खिलाफ अपनी ही बच्ची के साथ गलत हरकत करने के मुकदमे में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बार संघ के आह्वान पर गुरुवार को भी वकीलों का प्रदर्शन जारी रहा। एसपी के बाद वकीलों ने आज आईजी का पुतला फूंक रोष जताया। इस बीच, वकीलों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को खूब भागदौड़ करनी पड़ी। श्रीगंगानगर बार संघ अध्यक्ष जसवीरसिंह मिसन ने बताया कि गिरफ्तार विनोद को रिहा करने और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आज सुबह एसपी कोठी पर प्रदर्शन प्रस्तावित था। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन वहां मौजूद था, लेकिन वकीलों ने एडीशनल एसपी सुरेंद्रसिंह राठौड़ की कोठी पहुंचते हुए धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया। इसके चलते कोडा चौक से लेकर भगतसिंह चौक तक जाम लग गया। यहां रोषस्वरूप आईजी का पुतला फूंका गया। नारेबाजी करते हुए वक्ताओं ने विनोद को रिहा करते हुए मुकदमे में निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। सूचना मिलने पर जब तक पुलिस यहां पहुंचती, तब तक वकील रवाना हो गए। पुलिस को उम्मीद थी कि वकील डीजे कोर्ट पहुंचेंगे, लेकिन वकीलों ने रास्ते में कोतवाली पुलिस थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया। मिसन ने बताया कि कल सुबह 9 बजे डीजे कोर्ट के बाहर गंगानगर-हनुमानगढ़ जिले के वकील प्रदर्शन करेंगे। वहीं, जयपुर में वकीलों के शिष्टमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद संभावना है कि सीआईडी सीबी को मामले की जांच सौंप दी जाए।


No comments