Breaking News

अब भरतराम मेघवाल आलाकमान को बताएंगे अपनी पराजय के कारण

- कांग्रेस ने सभी प्रत्याशियों से मांगी है हार के कारणों की सूची
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर लोकसभा सीट से कांग्रेस के पराजित प्रत्याशी भरतराम मेघवाल अब पार्टी आलाकमान को अपनी पराजय के कारण बताएंगे। लोकसभा चुनाव में प्रदेश में सूपड़ा साफ होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी उम्मीदवारों से कहा है कि वे अपने हार के कारणों की सूची मुहैया कराएं ताकि चुनाव में शर्मनाक प्रदर्शन के कारणों की पहचान की जा सके। भरतराम मेघवाल को भी इसके दृष्टिगत हार के कारण गिनाने होंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव अविनाश पांडे ने जिला कांग्रेस कमेटियों और राज्य अध्यक्षों को भी हार के कारणों की पहचान करने को कहा है। सभी प्रत्याशियों व जिला कमेटियों से कहा गया है कि वे 11 जून तक अपनी रिपोर्ट सौंप दें।
माना जा रहा है कि इसके बाद कांग्रेस पार्टी हार के कारणों की समीक्षा करेगी और यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि राज्य में पार्टी की हार क्यों हुई। इस समीक्षा के बाद कांग्रेस पार्टी में सुधार के लिए कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में राज्य में बीजेपी ने कांग्रेस को सभी 25 सीटों पर मात दी थी।
वहीं लोकसभा चुनाव से चार महीने पहले राजस्थान में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया था और सरकार बनाई थी। चुनाव परिणाम के बाद राजस्थान कांग्रेस में गुटबंदी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट एक-दूसरे पर उंगली उठा रहे हैं।


No comments